कपूरथला , जुलाई 08 -- चुनाव आयोग के मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत मतदान केंद्रों के युक्तिकरण के बाद पंजाब के कपूरथला जिले में मतदान केंद्रों की संख्या 791 से बढ़ाकर 805 किये जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके तहत 14 नये मतदान केंद्र (पोलिंग बूथ) स्थापित किये जाएंगे, जिससे मतदाताओं को मतदान के दौरान अधिक सुविधा मिल सके।

जिला चुनाव अधिकारी आकाश बंसल ने बुधवार को बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार जिन मतदान केंद्रों पर 1,200 से अधिक मतदाता हैं, वहां नये बूथ बनाये जा रहे हैं या फिर उसी भवन में मतदाताओं का पुनर्वितरण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य मतदान केंद्रों पर भीड़ कम करना और चुनाव प्रक्रिया को अधिक सुचारु एवं मतदाता-अनुकूल बनाना है। उन्होंने बताया कि रैशनलाइजेशन के बाद जिले में कुल 14 नये मतदान बूथ प्रस्तावित किये गये हैं। यह प्रस्ताव अंतिम मंजूरी के लिए पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजा जाएगा।

जिला चुनाव अधिकारी ने विधानसभा क्षेत्रवार जानकारी देते हुए बताया कि भुलत्थ विधानसभा क्षेत्र में किसी भी मतदान केंद्र पर 1,200 से अधिक मतदाता नहीं हैं, इसलिए यहां मतदान केंद्रों की संख्या 175 ही रहेगी।

कपूरथला विधानसभा क्षेत्र में सात मतदान केंद्रों पर 1,200 से अधिक मतदाता पाये गये। इनमें मतदाताओं का पुनर्वितरण किया गया है। इसके अलावा पोलिंग स्टेशन नंबर-31 को दो भागों में विभाजित कर एक नया बूथ प्रस्तावित किया गया है, जिससे इस विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों की संख्या 194 से बढ़कर 195 हो जाएगी। सुल्तानपुर लोधी विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 13 नये मतदान बूथ प्रस्तावित किये गये हैं। इसके बाद यहां मतदान केंद्रों की संख्या 195 से बढ़कर 208 हो जाएगी। फगवाड़ा (एससी) विधानसभा क्षेत्र में चार मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या 1,200 से अधिक थी। यहां भी मतदाताओं का पुनर्वितरण किया गया है, लेकिन किसी नये बूथ की आवश्यकता नहीं पड़ी। इसलिए यहां मतदान केंद्रों की संख्या 227 ही रहेगी।

इससे पहले सहायक आयुक्त रविंदर सिंह अरोड़ा ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदान केंद्रों के प्रस्तावित युक्तिकरण पर चर्चा की। बैठक में राजनीतिक दलों से सुझाव भी आमंत्रित किये गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित