कपूरथला , जून 26 -- पंजाब में कपूरथला के जिला उपायुक्त आकाश बंसल ने शुक्रवार को जिले के बैंकों और विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक में मार्च 2026 तक बैंकों के प्रदर्शन की समीक्षा की।
श्री बंसल ने बताया कि वार्षिक ऋण योजना (एसीपी) 2025-26 के तहत जिले के बैंकों ने 113.04 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज करते हुए निर्धारित लक्ष्य से अधिक प्रदर्शन किया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए बैंकों की सराहना की और मौजूदा वित्त वर्ष में भी इसी स्तर का प्रदर्शन बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने बैंक अधिकारियों को विभिन्न विभागों की ओर से भेजे गये सरकारी प्रायोजित ऋण आवेदनों का निपटारा भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर किये जाने के निर्यादेश दिये, ताकि लाभार्थियों को समय पर ऋण मिल सके।
उपायुक्त ने कहा कि किसी भी बैंक में प्रायोजित ऋण का कोई मामला लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत 100 प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने और ग्राहकों की शिकायतों को शून्य स्तर पर रखने पर भी जोर दिया।
बैठक में लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर कंवलजीत सिंह , नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक जगमिंदर सिंह बिंद्रा , आरबीआई के एलडीओ दिव्यांशु, आरसेटी निदेशक सोनिया मक्कड़ सहित विभिन्न विभागों और बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित