फगवाड़ा , अक्टूबर 28 -- पंजाब में कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी उपमंडल के हाजीपुर गांव में पोटाश फटने से दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी मां को मामूली चोटें आईं। घायलों को ग्रामीणों की मदद से सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घायलों की पहचान जसविंदर सिंह के पुत्र बलजोत सिंह और युवराज सिंह के रूप में हुई है। दोनों हाजीपुर गांव के निवासी हैं।गांव निवासी अर्शदीप के अनुसार, दोनों भाई एक कुंडे में पोटाश डालकर उसे फोड़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी मां को भी इस घटना में मामूली चोटें आईं।
विस्फोट के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
सिविल अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर आकाशदीप शर्मा ने बुधवार को बताया कि दोनों भाइयों का उपचार किया जा रहा है। उनके अनुसार, बयान के समय घायलों की हालत खतरे से बाहर थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित