कपूरथला , अगस्त 04 -- पंजाब में कपूरथला के उपायुक्त आकाश बंसल ने जिले में पेट्रोल और डीजल में मिलावट तथा पेट्रोलियम उत्पादों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए सभी पेट्रोल पंपों की औचक जांच कराने के निर्देश दिये हैं।

मंगलवार को जिला प्रशासनिक परिसर में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अधिकारियों तथा इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के प्रतिनिधियों को जिलेभर में संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को अलग-अलग निरीक्षण दल गठित कर सभी पेट्रोल पंपों से ईंधन के नमूने लेने, उसकी गुणवत्ता की जांच करने, स्टॉक रिकॉर्ड का सत्यापन करने, भंडारण सुविधाओं का निरीक्षण करने तथा पेट्रोल-डीजल की किसी भी प्रकार की अवैध बिक्री का पता लगाने के निर्देश दिये।

उपायुक्त ने मोबाइल डिस्पेंसर या किसी अन्य अवैध माध्यम से पेट्रोलियम उत्पादों की बिक्री पर भी सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिये। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पेट्रोलियम उत्पादों की बिक्री से जुड़े सभी कानूनी और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। श्री बंसल ने कहा कि ईंधन में मिलावट और पेट्रोलियम उत्पादों की अवैध बिक्री न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह उपभोक्ताओं के हितों और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक जसजीत कौर ने बैठक में बताया कि कपूरथला जिले में कुल 131 पेट्रोल पंप संचालित हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी पेट्रोल पंपों पर निर्धारित मानकों और नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए विशेष निरीक्षण दल गठित किये जाएंगे, जो समय-समय पर औचक जांच करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित