कपूरथला , जून 16 -- पंजाब में कपूरथला के जिला उपायुक्त आकाश बंसल ने मंगलवार को बताया कि जिला प्रशासन ने जनगणना 2027 के प्रथम चरण 'हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग जनगणना' को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। यह अभियान 16 मई से 13 जून 2026 तक जिले भर में चलाया गया। उपायुक्त ने बताया कि इस व्यापक घर-घर सर्वेक्षण के लिए जिले में 1,254 गणनाकार (एन्यूमरेटर) तैनात किये गये थे। सर्वेक्षण को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए जिले में कुल 1,269 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक बनाये गये, जिन्हें अलग-अलग गणनाकारों को सौंपा गया था। प्रत्येक छह गणनाकारों के समूह की निगरानी के लिए एक पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था, ताकि कार्य की सटीकता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।

श्री बंसल ने कहा कि हाउस लिस्टिंग अभियान जनगणना की आधारशिला है। इसके तहत 33 प्रमुख मानकों पर आधारित प्रश्नावली के माध्यम से आवासीय स्थिति, घरेलू सुविधाओं और संपत्तियों से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्र की गयी। उन्होंने बताया कि गणनाकारों ने मकानों की संरचना और स्थिति, पेयजल, बिजली, स्वच्छता सुविधाओं और खाना पकाने के ईंधन जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता, मकान के स्वामित्व और परिवार की संरचना संबंधी जानकारी दर्ज की। इसके अलावा मोबाइल फोन, इंटरनेट कनेक्टिविटी, वाहन और अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित आंकड़े भी एकत्र किये गये।

उपायुक्त ने कहा कि इस सर्वेक्षण से प्राप्त आंकड़े सरकार को आवासीय स्थितियों, घरेलू सुविधाओं और संपत्ति स्वामित्व के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएंगे, जो नीतियां बनाने, विकास योजनाएं तैयार करने और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायक साबित होंगे। उन्होंने बताया कि हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग जनगणना, फरवरी 2027 में प्रस्तावित जनसंख्या गणना के लिए भी आधार तैयार करेगी, जिससे सभी परिवारों और घरों का पूर्ण एवं सटीक कवरेज सुनिश्चित किया जा सकेगा।

श्री बंसल ने निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के लिए गणनाकारों और पर्यवेक्षकों की सराहना की। उन्होंने जनगणना अभियान में सहयोग देने और फील्ड स्टाफ का समर्थन करने के लिए कपूरथला के नागरिकों का भी आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित