कपूरथला , अगस्त 06 -- आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर प्रभावी नियंत्रण, जन सुरक्षा सुनिश्चित करने और पशु कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पंजाब में कपूरथला जिला प्रशासन ने एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) सेंटर स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
उपायुक्त आकाश बंसल ने गुरुवार को नगर निगम आयुक्त अनुपम कलेर तथा संबंधित अधिकारियों के साथ पशुपालन विभाग परिसर में प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण कर केंद्र की स्थापना के लिए उसकी उपयुक्तता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्रस्तावित स्थल से संबंधित राजस्व रिकॉर्ड सहित सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द से जल्द पूरी की जायें, ताकि परियोजना का कार्य बिना किसी देरी के शुरू किया जा सके।
श्री बंसल ने कहा कि कपूरथला में एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर की स्थापना आवारा कुत्तों की समस्या के वैज्ञानिक, व्यवस्थित और मानवीय समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उन्होंने बताया कि इस केंद्र में एनिमल बर्थ कंट्रोल नियमों के तहत आवारा कुत्तों की नसबंदी और एंटी-रेबीज टीकाकरण किया जायेगा, जिससे उनकी आबादी को नियंत्रित करने के साथ-साथ डॉग बाइट और रेबीज के मामलों में भी कमी आयेगी। उन्होंने बताया कि हालांकि कपूरथला जिले के फगवाड़ा में पहले से एक एबीसी सेंटर संचालित हो रहा है, लेकिन जिले में बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए कपूरथला शहर में अलग केंद्र स्थापित करना जरूरी हो गया है। इससे नसबंदी और टीकाकरण सेवाओं का दायरा बढ़ेगा, त्वरित कार्रवाई संभव होगी और पूरे जिले में आवारा कुत्तों के प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
उपायुक्त ने कहा कि प्रस्तावित एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर जिले में आवारा कुत्तों के प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ करेगा तथा पशु कल्याण से संबंधित निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित