कपूरथला , अगस्त 04 -- पंजाब में कपूरथला पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी और गुम होने के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 50 लाख रुपये मूल्य के 250 मोबाइल फोन बरामद किये हैं। पुलिस ने इन मोबाइल फोन को उनके वास्तविक मालिकों को लौटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव तूरा ने मंगलवार को बताया कि यह कार्रवाई एसपी (मुख्यालय) हरप्रीत सिंह, पुलिस अधीक्षक (डी) हरजिंदर सिंह गिल, हरदीप सिंह उप्पल तथा फगवाड़ा की एसपी माधवी शर्मा के समन्वय में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कपूरथला की टीम ने की। टीम ने तकनीकी निगरानी और जांच के माध्यम से गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन का पता लगाकर उन्हें बरामद किया। उन्होंने बताया कि बरामद किये गये सभी मोबाइल फोन जिले के विभिन्न क्षेत्रों से गुम या चोरी होने की शिकायतों के आधार पर खोजे गये थे। तकनीकी विश्लेषण और मैदानी जांच के बाद पुलिस ने इन्हें सफलतापूर्वक ट्रेस कर बरामद किया, जिससे प्रभावित लोगों को बड़ी राहत मिली है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव तूरा ने साइबर क्राइम टीम की सराहना करते हुए कहा कि बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग और जनसेवा के प्रति जिला पुलिस की प्रतिबद्धता का उदाहरण है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम होने या चोरी होने पर इंतजार करने के बजाय तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करायें और सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल के माध्यम से मोबाइल को ब्लॉक कर दें, ताकि उसका दुरुपयोग रोका जा सके। पुलिस ने बताया कि गुम हुए मोबाइल फोन की जानकारी सीईआईआर के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन भी दर्ज करायी जा सकती है, जिससे पुलिस को मोबाइल ट्रैक करने और बरामद करने में आसानी होती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित