कपूरथला , मई 26 -- पंजाब में नगर निगम कपूरथला और नगर काउंसिल सुल्तानपुर लोधी के चुनाव शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

इसी क्रम में जिला चुनाव अधिकारी आकाश बांसल तथा अवर उपायुक्त वरिंदरपाल सिंह बाजवा ने विभिन्न पोलिंग केंद्रों का दौरा किया। अधिकारियों ने एमजीएन स्कूल और एमडीएसडी स्कूल में बनाये गये मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया, जहां मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से चल रही थी।

दौरे के दौरान अधिकारियों ने चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के चुनाव एजेंटों से बातचीत कर चुनाव प्रबंधों संबंधी फीडबैक लिया। इस अवसर पर उपायुक्त आकाश बांसल ने एक बुजुर्ग मतदाता से भी बातचीत की और लोकतंत्र के इस पर्व में भाग लेने के लिए उनका उत्साह बढ़ाया।

जिला प्रशासन के अनुसार मतदाताओं में चुनाव को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। दोपहर 1:30 बजे तक नगर निगम कपूरथला में 31.69 प्रतिशत तथा नगर काउंसिल सुल्तानपुर लोधी में 34.54 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

जिला प्रशासन ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी पोलिंग केंद्रों पर विशेष प्रबंध किये गये हैं। बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर, गर्मी से बचाव के लिए शेड तथा पीने के लिए साफ और ठंडे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है, ताकि किसी भी मतदाता को परेशानी का सामना न करना पड़े।

पोलिंग केंद्रों का निरीक्षण करने के बाद आकाश बांसल और एडीसी वरिंदरपाल सिंह बाजवा ने विरसा विहार स्थित स्ट्रांग रूम का भी दौरा किया। उन्होंने वहां बैलेट बॉक्स की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और तैनात कर्मचारियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिये।

जिला चुनाव अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की कि वे बिना किसी डर, दबाव या लालच के लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित