जालंधर , अक्टूबर 16 -- पंजाब में जालंधर के जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण की अध्यक्ष प्रिया सूद के मार्गदर्शन में शुक्रवार को केंद्रीय जेल कपूरथला में विशेष अदालत लगाई गई।

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-सह-सचिव, जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण जालंधर राहुल कुमार की अगुवाई में आयोजित इस अदालत में छोटे अपराधों और लंबित मामलों पर सुनवाई की गई। इस दौरान स्वेच्छा से अपना दोष स्वीकार करने वाले तीन कैदियों/हवालातियों को रिहा करने के आदेश दिए गए।

श्री कुमार ने बताया कि जेल परिसर में ऐसी अदालतें लगाने का उद्देश्य शीघ्र न्याय सुनिश्चित करना, छोटे अपराधों से जुड़े मामलों में प्रक्रियागत देरी कम करना और दोष स्वीकार करने के इच्छुक हवालातियों को समय पर राहत देना है। इससे जेलों में भीड़ कम करने में भी मदद मिलती है।

इस अवसर पर जेल के दौरे के दौरान कैदियों के रहने की व्यवस्था, रसोई, चिकित्सा सुविधाओं और साफ-सफाई का भी जायजा लिया गया। उन्होंने कई कैदियों से सीधे बातचीत कर उन्हें जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण अधिनियम के तहत उपलब्ध मुफ्त कानूनी सहायता और उनके बुनियादी कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कैदियों को आश्वस्त किया कि कानूनी प्रतिनिधित्व के अभाव में किसी को भी नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान जेल के वरिष्ठ अधिकारी, वकील और जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण के कर्मचारी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित