फगवाड़ा , मार्च 19 -- पंजाब के कपूरथला जिले में भुलत्थ उपमंडल के जोगिंदर नगर गांव के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गयी।
मृतकों की पहचान जोगिंदर सिंह (55), निवासी गांव भटनूरा कलां और निर्मल सिंह (50), निवासी गांव बजाजा के रूप में हुई है। रिश्ते में दोनों चाचा-भतीजा थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सवार होकर अमावस्या के अवसर पर गुरुद्वारा बाबा बकाला साहिब में माथा टेकने जा रहे थे। जैसे ही वे जोगिंदर नगर के पास पहुंचे, उनकी बाइक को एक कार नेटक्कर मार दी।
चश्मदीदों और मृतकों के परिजनों का आरोप है कि कार एक महिला चला रही थी, जो कथित तौर पर उस समय ड्राइविंग ट्रेनिंग ले रही थी। यह भी आरोप लगाया गया है कि घायलों की मदद करने के बजाय चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय निवासियों ने उसे रोक लिया। मृतकों के परिवारों ने गहरा रोष व्यक्त करते हुए दावा किया कि पीड़ितों को सड़क पर लावारिस छोड़ दिया गया और चिकित्सा सहायता में देरी के कारण उनकी जान चली गयी।
पुलिस उपाधीक्षक करनैल सिंह ने बताया कि पीड़ितों के रिश्तेदारों के बयान दर्ज किये जा रहे हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित