चंडीगढ़ , फरवरी 18 -- पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने बुधवार को उप मंडल मजिस्ट्रेट कपूरथला की अदालत में तैनात नायब कोर्ट को आठ हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया ।
राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि नायब कोर्ट रजिन्दर सिंह को नकोदर, ज़िला जालंधर के एक निवासी की तरफ से दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर गिरफ़्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता पेशे से एक मज़दूर है और उसे तथा उसके दोस्त जोबन को पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 128 ( पहले सीआरपीसी की धारा 109 सी) के अंतर्गत एक मामले में गिरफ़्तार किया था और एसडीएम कपूरथला की अदालत में पेश किया था। इसके बाद शिकायतकर्ता को ज़मानत पर रिहा कर दिया गया और आगे वाली सुनवाई की तारीख़ 18 फरवरी निर्धारित की गई। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि नायब कोर्ट रजिन्दर सिंह उसे बार- बार परेशान करता था और उसने केस ख़ारिज करने बदले दस हजार रुपए रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता की विनती और मांगी गयी रकम का भुगतान करने में असमर्थता ज़ाहिर करने पर नायब कोर्ट आठ हजार रुपए रिश्वत लेने को मान गया।
प्रवक्ता ने बताया कि शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद, विजिलेंस ब्यूरो टीम ने एक जाल बिछाया जिस दौरान नायब कोर्ट राजिन्दर सिंह को दो सरकारी गवाहों की हाज़िरी में शिकायतकर्ता से आठ हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निरोधक कानून के अंतर्गत विजिलेंस ब्यूरो के थाना जालंधर में मामला दर्ज किया गया है और इस मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित