बुरहानपुर , नवंबर 04 -- मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले के नेपानगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कपास और तुवर की फसल की आड़ में की जा रही अवैध गांजे की खेती का पर्दाफाश कर 96 हरे पौधे जब्त किए हैं। जब्त पौधों का कुल वजन 49.740 किलोग्राम और अनुमानित बाजार मूल्य करीब एक लाख रुपये बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेंडे के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 03 नवंबर 2026 को नेपानगर थाना प्रभारी निरीक्षक शहाबुद्दीन कुरैशी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मांडवा के पटेल मोहल्ला निवासी प्रकाश पिता कुंवर सिंह बारेला ने अपने खेत में कपास और तुवर की फसल के बीच गांजे के पौधे उगा रखे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खेत की घेराबंदी कर दबिश दी।
तलाशी के दौरान खेत में मुख्य फसलों के बीच लगाए गए गांजे के 96 हरे पौधे मिले। इनकी लंबाई चार से सात फीट तक थी। पुलिस ने सभी पौधों को विधिवत जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी प्रकाश बारेला मौके से फरार मिला। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध नेपानगर थाने में अपराध क्रमांक 380/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(ए) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी शहाबुद्दीन कुरैशी, उपनिरीक्षक चेतराम निकुम, सहायक उपनिरीक्षक प्रेमलाल पाल, प्रधान आरक्षक सुनील सकवार एवं दयाराम आर्से, आरक्षक लाल सिंह, महिला आरक्षक सेवंती सोलंकी और सैनिक विजय पाटिल की भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित