बैतूल , मई 17 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में कपड़े सुखाते समय करंट लगने से एक महिला शिक्षिका की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतका की पहचान 40 वर्षीय राधिका पटैया निवासी बडोरा, आठनेर रोड बैतूल के रूप में हुई है। वह घोड़ाडोंगरी विकासखंड के सीमोरी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका के पद पर पदस्थ थीं।

परिजनों ने बताया कि राधिका पटैया जनगणना कार्य पूरा करने के बाद अपनी बड़ी बहन लक्ष्मी चौहान के घर घोड़ाडोंगरी आई थीं। रविवार सुबह वह घर में कपड़े सुखा रही थीं, तभी अचानक बिजली की चपेट में आ गईं। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं और मौके पर बेहोश हो गईं।

परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोड़ाडोंगरी लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतका अपने पीछे पति दुर्गेश पटैया, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना घरेलू बिजली संपर्क से जुड़ी बताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित