पन्ना , जुलाई 04 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में कपड़ा व्यापारी के पुत्र के अपहरण एवं फिरौती मांगने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल, दो देशी कट्टे, एक कारतूस तथा दो मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं।

पवई थाना पुलिस से शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार 27 जून को पवई के प्रतिष्ठित कपड़ा व्यापारी राजेश कुमार डेंगरे द्वारा थाना पवई में सूचना दी गई कि उनके 19 वर्षीय पुत्र अंशुल उर्फ कान्हा डेंगरे का अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अपहरण कर लिया गया है तथा उसकी रिहाई के लिए 10 लाख रुपये की फिरौती की मांग की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमति निवेदिता नायडू के निर्देशन में थाना प्रभारी पवई सुशील कुमार अहिरवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया था। हालांकि घटना के आरोपी उस समय फरार होने में सफल रहे थे।

पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की लगातार तलाश की गई। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों से पूछताछ में उन्होंने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि अपहृत युवक कान्हा उर्फ अंशुल डेंगरे सोशल मीडिया पर महंगे मोबाइल एवं अपनी समृद्ध जीवनशैली का प्रदर्शन करता था। इसी कारण उसे आर्थिक रूप से संपन्न समझकर अपहरण की योजना बनाई गई और उसके परिजनों से फिरौती की मांग की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित