चंडीगढ़ , जून 13 -- शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता परंबंस सिंह रोमाना ने शनिवार को स्पष्ट किया है कि उन्होंने कनाडा में प्रवेश के लिए अपना आवेदन स्वयं वापस लिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कनाडा दौरे को रोकने के लिए उनके खिलाफ एक 'मनगढ़ंत शिकायत' कनाडाई आव्रजन अधिकारियों को भेजी गयी थी।
चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए श्री रोमाना ने कहा कि वह वैंकूवर पहुंचने के बाद कनाडाई इमिग्रेशन अधिकारियों की पूछताछ का सामना कर रहे थे। इस दौरान उन्हें बताया गया कि यदि वे कनाडा में प्रवेश चाहते हैं तो उन्हें यह लिखित आश्वासन देना होगा कि वह वहां किसी भी प्रकार की राजनीतिक गतिविधि में शामिल नहीं होंगे।
श्री रोमाना ने कहा कि उनका उद्देश्य अपनी पुत्री से मिलना, एक विवाह समारोह में शामिल होना और आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कनाडा में रहने वाले एनआरआई समुदाय से मुलाकात करना था। उन्होंने कहा कि राजनीतिक गतिविधियों से दूर रहने का लिखित आश्वासन देने की शर्त स्वीकार न करते हुए उन्होंने स्वेच्छा से भारत लौटने का फैसला किया।
अकाली नेता ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ फिलीपींस की राजधानी मनीला से एक शिकायत भेजी गयी थी, जिसमें उन्हें सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा बताने की कोशिश की गयी। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को उनके खिलाफ दर्ज राजनीतिक मामलों की पूरी जानकारी थी, जबकि कुछ मामलों को तो वह स्वयं भी भूल चुके थे। श्री रोमाना ने दावा किया कि उन्होंने कनाडा यात्रा के लिए अदालत से आवश्यक अनुमति प्राप्त की हुई थी, इसके बावजूद उन्हें रोकने का प्रयास किया गया।
श्री रोमाना ने आरोप लगाया कि कनाडा में रहने वाले एनआरआई समुदाय से शिरोमणि अकाली दल को मिल रहे समर्थन से आम आदमी पार्टी घबरा गयी हैं। उन्होंने दावा किया कि अकाली दल के प्रतिनिधिमंडल के कनाडा दौरे को प्रभावित करने और पार्टी की छवि खराब करने के लिए विभिन्न प्रयास किये गये।
श्री रोमाना ने अपने खिलाफ सोशल मीडिया और कुछ मीडिया मंचों पर फैलाये गये उन दावों को भी खारिज किया, जिनमें कहा गया था कि वह वैंकूवर हवाई अड्डे पर नशे की हालत में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह झूठा और दुर्भावनापूर्ण प्रचार है। उन्होंने कहा, " मैंने जीवन में कभी शराब को हाथ तक नहीं लगाया।"उन्होंने चेतावनी दी कि इस प्रकार की अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया जाएगा और संबंधित सोशल मीडिया पेजों तथा अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ पुलिस शिकायत भी दर्ज कराई जाएगी। अकाली नेता ने कहा कि उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की किसी भी कोशिश का कानूनी रूप से जवाब दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित