बैतूल , मई 27 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के आमला थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने एक रिटायर्ड रेलवे अधिकारी के सूने मकान में घुसकर लाखों रुपए की नकदी और सोने चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बोड़खी नाका क्षेत्र निवासी दम्मू सूर्यवंशी रेलवे से सेवानिवृत्त वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर हैं और भारतीय वायुसेना में भी सेवाएं दे चुके हैं। बुधवार सुबह वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ बेटे को रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। उनका बेटा कनाडा में नौकरी करता है और वापस लौट रहा था।
इसी दौरान बदमाशों ने सूने मकान का फायदा उठाते हुए मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारियों तथा कमरों को खंगाल डाला।
परिवार के स्टेशन से लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के भीतर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थीं। पीड़ित परिवार के अनुसार घर से लगभग चार लाख रुपए नकद और लाखों रुपए मूल्य के सोने चांदी के जेवर चोरी हुए हैं।
सूचना मिलने पर बोड़खी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक नितिन उइके पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की जांच के लिए बैतूल से डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का अनुमान है कि बदमाशों ने पहले से परिवार की गतिविधियों की रेकी की थी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित