हरिद्वार , जनवरी 28 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र के पंजनहेड़ी गांव में बुधवार सुबह सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायतों की जांच करने पहुंची प्रशासनिक टीम पर गोली चलने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी। इस गोलीबारी में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान के भाई और प्रॉपर्टी डीलर सचिन चौहान समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशासनिक अमला शिकायतों की जांच कर रहा था कि तभी गांव में मौजूद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई और फिर गोलीबारी में बदल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद भाजपा नेता अतुल चौहान और भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री तरुण चौहान के बीच हुआ। गोलीबारी में सचिन चौहान के पेट में और उनके रिश्तेदार कृष्णपाल में भी गोली लगी। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च केंद्र रेफर कर दिया गया। सूचना पर कनखल थाना पुलिस और पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिटी अभय प्रताप सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। एसपी सिटी ने बताया कि फायरिंग की असली वजह और आरोपी की पहचान के लिए गहन जांच चल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि से जुड़े मामलों में अव्यवस्था या हिंसा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित