हरिद्वार , फरवरी 28 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों के सत्यापन को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को थाना कनखल क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया गया, जिसमें नियमों की अनदेखी करने वाले मकान मालिकों पर कड़ी कार्रवाई की गई।

थाना पुलिस ने मनोहरम पुरम सोसाइटी सहित विभिन्न इलाकों में घर-घर जाकर किरायेदारों, घरेलू नौकरों, कबाड़ियों और बाहरी व्यक्तियों का गहन सत्यापन किया। अभियान के दौरान कुल 35 व्यक्तियों की जांच की गई। सत्यापन न कराने पर 10 मकान मालिकों के विरुद्ध पुलिस एक्ट की धारा 83 के तहत कार्रवाई करते हुए 10-10 हजार रुपये के कोर्ट चालान किए गए। इस प्रकार कुल एक लाख रुपये की धनराशि के चालान माननीय न्यायालय को प्रेषित किए जा रहे हैं, जहां से जुर्माने की विधिवत वसूली की जाएगी।

इसके अतिरिक्त पुलिस अधिनियम की धारा 81 के अंतर्गत पांच व्यक्तियों पर 250-250 रुपये (कुल 1250 रुपये) के चालान मौके पर ही किए गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मकान मालिकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन कराना अनिवार्य है, अन्यथा भविष्य में और कठोर दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित