हरिद्वार , अक्टूबर, 26 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में दुकानदारों, रेहड़ी-ठेली संचालकों और वाहन चालकों से कथित तौर पर अवैध वसूली कर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अमित कटारिया को रविवार देर रात गिरफ्तार किया है। जिसका खुलासा पुलिस ने सोमवार को किया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के तीन मामलों समेत कुल 22 मामले दर्ज होने की जानकारी दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई इस कार्रवाई के बाद पुलिस आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, रविदास बस्ती निवासी देवनन्द मंडल और आनंद कुमार ने कोतवाली कनखल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अमित कटारिया सामान लेने और पैसे मांगने पर चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देता था। उस पर शराब पीने के लिए स्थानीय लोगों से जबरन पैसे मांगने और क्षेत्र में भय का माहौल बनाने के आरोप भी लगाए गए।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर सब्जी, दूध और राशन विक्रेताओं से सामान लेने के बाद पैसे मांगने पर धमकाने, ई-रिक्शा और टेंपो चालकों के साथ-साथ फड़ एवं ठेली संचालकों से शराब के लिए अवैध रूप से रकम मांगने के आरोप हैं। छोटे दुकानदारों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की शिकायतें भी सामने आती रही हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपी को 14 अक्टूबर और 24 अक्टूबर को भी भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया था। जमानत पर छूटने के बाद उसके दोबारा कथित गतिविधियों में संलिप्त होने की शिकायत मिली। ताजा शिकायतों के आधार पर कनखल कोतवाली में मामला दर्ज किए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित