भिण्ड , जुलाई 28 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के लहार अनुभाग के दबोह कस्बे में एक कार चालक ने कथित रूप से लापरवाही से वाहन चलाते हुए गाय, मोटरसाइकिल और टमटम को टक्कर मार दी। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक को गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार टाटा नेक्सॉन कार बिजली घर के सामने से गुजर रही थी। इसी दौरान कार ने पहले एक गाय को टक्कर मार दी। इसके बाद चालक ने मौके से निकलने के प्रयास में तेज गति से वाहन चलाते हुए समथर तिराहे की ओर से आ रही मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दुर्घटना में अंधियारी निवासी राहुल कौरव और मोहित कौरव घायल हो गए।
इसके बाद कार आगे चल रहे एक टमटम से भी टकरा गई, जिससे टमटम चालक जगदम्बा राठौर के सिर में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों ने चालक को मौके पर पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक कथित रूप से नशे की हालत में था। पूछताछ में उसने अपना नाम आयुष गुर्जर निवासी छपार, मोठ, जिला झांसी (उत्तर प्रदेश) बताया।
सूचना मिलने पर दबोह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को वाहन सहित थाने ले गई। डायल-112 की सहायता से घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से उन्हें सिविल अस्पताल लहार रेफर किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद जगदम्बा राठौर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया। दबोह थाना प्रभारी रवि उपाध्याय ने बताया कि कार जब्त कर ली गई है। चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित