उज्जैन , सितंबर 09 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित कमल किशोर नागर को धमकी भरा पत्र मिलने के बाद नागर समाज में आक्रोश है। समाजजनों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर धमकी देने वाले आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
श्री हाटकेश्वर धाम न्यास एवं मध्यप्रदेश नागर ब्राह्मण परिषद की उज्जैन शाखा के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। न्यास के सचिव संतोष जोशी एवं परिषद के उज्जैन शाखा अध्यक्ष विजय शर्मा ने उप पुलिस अधीक्षक के समक्ष ज्ञापन का वाचन किया।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा से मुलाकात कर उन्हें पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। समाजजनों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए धमकी भरे पत्र की जांच कर संबंधित तत्वों का शीघ्र पता लगाने और उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के बाद समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि पंडित कमल किशोर नागर को मिले धमकी भरे पत्र की गंभीरता से जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आरोपियों का शीघ्र पता लगाकर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित