दोहा , मार्च 19 -- कतर ने एक बार फिर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष से संपर्क कर अपने क्षेत्र पर जारी ईरानी हमलों के कारण अपनी सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता के लिए 'राष्ट्रीय संप्रभुता के घोर उल्लंघन और सीधे खतरे' के रूप में वर्णित चिंताओं को उठाया है। संयुक्त राष्ट्र को भेजा गया कतर का यह नवां पत्र है।
इस पत्र में कतर ने कहा है कि कथित कार्रवाई उसकी संप्रभुता का 'घोर उल्लंघन' हैं और उसकी राष्ट्रीय सुरक्षा तथा क्षेत्रीय स्थिरता के लिए सीधे खतरा पैदा करती हैं। यह पत्र संयुक्त राष्ट्र में कतर की स्थायी प्रतिनिधि शेखा आलिया अहमद बिन सैफ अल-थानी ने पेश किया है।
पत्र के अनुसार, कतर की वायु रक्षा प्रणालियों ने 28 फरवरी से 16 मार्च के बीच कई दुश्मन हवाई लक्ष्यों को रोका। इसमें यह भी बताया गया कि इन घटनाओं के परिणामस्वरूप नागरिक घायल हुए हैं, हालांकि हताहतों के विवरण पर अधिक जानकारी तुरंत प्रदान नहीं की गयी है।
पत्र में इस बात पर जोर दिया गया कि ईरान के ये हमले सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2817 (2026) को अपनाये जाने के बाद भी जारी रहे। इस प्रस्ताव का 136 देशों ने समर्थन किया था। इसमें कतर और पड़ोसी देशों पर ईरान के जघन्य हमलों की कड़े से कड़े शब्दों में निंदा की गयी थी और ऐसे सभी हमलों को तुरंत रोकने की मांग की गयी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित