दोहा , सितंबर 02 -- कतर ने जॉर्डन, बहरीन और कुवैत के इलाकों पर ईरान के नये हमलों की कड़ी निंदा की है और इसे इन तीनों देशों की संप्रभुता एवं क्षेत्रीय अखंडता का गंभीर उल्लंघन करार दिया है।

बुधवार को जारी एक बयान में, कतर के विदेश मंत्रालय ने इन हमलों से प्रभावित देशों की संप्रभुता एवं उनकी अखंडता का खुला उल्लंघन बताया। साथ ही इसे अंतरराष्ट्रीय कानून, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अच्छे पड़ोसी देश होने के सिद्धांतों का भी खुला उल्लंघन करार दिया।

कतर ने चेतावनी दी कि लगातार हो रहे हमलों से पूरे क्षेत्र में तनाव और ज्यादा बढ़ने का खतरा है और इससे तनाव कम करने तथा सुरक्षा एवं स्थिरता बहाल करने के कूटनीतिक प्रयासों को नुकसान पहुंच सकता है। मंत्रालय ने कहा, "इन हमलों और उनसे होने वाले नतीजों की पूरी कानूनी ज़िम्मेदारी ईरान की है।" कतर ने जॉर्डन, बहरीन और कुवैत के साथ एकजुटता दोहराई और कहा कि वह अपनी संप्रभुता, सुरक्षा एवं क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए इन तीनों देशों द्वारा उठाए जाने वाले किसी भी न्यासंगत कदम का समर्थन करता है।

मंत्रालय ने क्षेत्रीय स्थिरता एवं सुरक्षा के लिए खतरा उत्पन्न करने वाले सभी सैन्य अभियानों और हमलों को तुरंत और पूरी तरह से बंद करने की मांग की। उसने सभी पक्षों से ऐसी गतिविधियों से बचने का आग्रह किया जिनसे संघर्ष और बढ़ सकता है और साथ ही बातचीत एवं वार्ता की प्रक्रिया को गंभीरता से फिर से शुरू करने और कूटनीतिक प्रयासों से बनी सहमतियों का पालन करने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित