नयी दिल्ली , जून 23 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मंगलवार को कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल सानी ने टेलीफोन पर बातचीत की और रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में 21 जून को हुए हादसे में भारतीय नागरिकों की मौत पर शोक व्यक्त किया।
कतर के अमीर ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। श्री मोदी ने उनकी संवेदनाओं के लिए आभार व्यक्त किया और घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए कतर सरकार की सराहना की।
दोनों नेताओं ने अपने-अपने देशों के नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई तथा एक-दूसरे के प्रति समर्थन और एकजुटता व्यक्त की।
पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा के दौरान श्री मोदी ने शांति प्रयासों में कतर की सकारात्मक भूमिका की सराहना की और आशा जतायी कि इससे क्षेत्र में स्थायी शांति एवं स्थिरता स्थापित होगी।
दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग को सभी क्षेत्रों में और विस्तार देने की प्रतिबद्धता भी दोहराई तथा भविष्य में लगातार संपर्क में बने रहने पर सहमति व्यक्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित