बहराइच , फरवरी 25 -- उत्तर प्रदेश में जनपद बहराइच के कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के कतर्नियाघाट व निशानगाड़ा रेंज क्षेत्र में जंगली हाथियों की बढ़ती आमद से बुधवार को जनजीवन प्रभावित रहा। एक स्थान पर हाथियों के दौड़ाने पर बाइक सवार वाहन छोड़कर जंगल में भाग गया, जबकि दूसरे स्थान पर हाथियों के झुंड ने कच्चे मार्ग पर घंटों डेरा डाले रखा, जिससे आवागमन बाधित हो गया।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 11 बजे बिछिया-सुजौली मार्ग पर गिरिजापुरी पेट्रोल पंप के समीप एक बाइक सवार के सामने अचानक हथिनी अपने शावक के साथ आ गई। बाइक सवार चुनक्का (45) पुत्र आशिक अली निवासी सुजौली तथा अब्दुल हलीम खान (65) निवासी बुद्धूपुरवा मिहीपुरवा आम्बा गांव जा रहे थे। बाइक रोकते ही हाथी उनकी ओर दौड़ पड़े, जिस पर दोनों जान बचाने के लिए अलग-अलग दिशा में भाग गए।
अब्दुल हलीम खान पेट्रोल पंप की ओर भागकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए, जबकि चालक चुनक्का जंगल की ओर भाग गया। कुछ देर तक उसके न लौटने पर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और सूचना वन विभाग को दी गई। मौके पर रेंजर आशीष गौंड व वन दरोगा राधेश्याम टीम सहित पहुंचे। सर्च अभियान के दौरान बाइक सवार का सामान जंगल में मिला। लगभग आधे घंटे बाद चालक परेशान हालत में वापस लौटा और बताया कि हाथियों ने उसे काफी दूर तक दौड़ाया, लेकिन वह किसी तरह बचकर निकल आया। रेंजर ने पुष्टि की कि दोनों बाइक सवार सुरक्षित हैं।
वन विभाग ने वन दरोगा राधेश्याम व वन रक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में टीम तैनात कर आसपास के ग्रामीणों व राहगीरों को सतर्क रहने की अपील की है। मौके पर एसआई अक्षयलाल, हीरालाल यादव व संजय गौड़ समेत अन्य कर्मी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित