बैतूल , सितंबर 11 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिला मुख्यालय के समीप कढ़ाई पंचायत क्षेत्र में प्रस्तावित नए ट्रेंचिंग ग्राउंड को जल्द शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। यहां मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) प्लांट का काम तेजी से चल रहा है। बारिश थमने के बाद कचरा वाहनों की आवाजाही के लिए मार्ग को दुरुस्त करने की तैयारी भी की जा रही है। गुरुवार को नगर पालिका अध्यक्ष पार्वतीबाई बारसकर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पाण्डेय और प्रभारी इंजीनियर पंकज धुर्वे ने कढ़ाई पहुंचकर एमआरएफ प्लांट का निरीक्षण किया।

शहर में कई वर्षों से निकलने वाला कचरा गौठाना स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में डंप किया जा रहा है। ट्रेंचिंग ग्राउंड के आसपास रिहायशी क्षेत्र विकसित होने के कारण लंबे समय से इसके विरोध में आवाज उठती रही है। स्थानीय स्तर पर इसे अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग के बाद नगर पालिका ने कढ़ाई पंचायत क्षेत्र में अपनी जमीन को नए ट्रेंचिंग ग्राउंड के लिए चिन्हित किया है।

कढ़ाई में कचरा डंप करने की व्यवस्था उपलब्ध होने के बावजूद बारिश के कारण यहां पहुंचने वाला मार्ग कीचड़ से खराब हो गया था। इसके चलते कचरा वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो गई थी और शहर का कचरा फिलहाल गौठाना में ही डंप किया जा रहा है। अब बारिश थमने के बाद मार्ग को दुरुस्त करने की तैयारी है। मार्ग सुधरते ही कचरा वाहनों को कढ़ाई भेजे जाने की संभावना है।

इसके साथ ही गौठाना में पहले से जमा कचरे को भी कढ़ाई स्थानांतरित किया जा सकता है। गौठाना की जमीन पर प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम का काम भी शुरू किया जाना है। ऐसे में नगर पालिका के लिए कढ़ाई ट्रेंचिंग ग्राउंड को जल्द शुरू करना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने एमआरएफ प्लांट में ठोस कचरे के संग्रहण, पृथक्करण, छंटाई और पुनर्चक्रण की प्रक्रिया का जायजा लिया। प्लांट की मशीनरी, साफ-सफाई और संचालन व्यवस्था का भी अवलोकन किया गया। कर्मचारियों और संबंधित अधिकारियों से कचरा प्रबंधन की मौजूदा व्यवस्था की जानकारी ली गई।

नगर पालिका द्वारा गीले और सूखे कचरे को अलग करने, उपयोगी सामग्री की छंटाई तथा पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है। एमआरएफ प्लांट के प्रभावी संचालन से कचरे में मौजूद उपयोगी सामग्री को अलग कर उसका पुन: उपयोग किया जा सकेगा। इससे कचरे के वैज्ञानिक निपटान के साथ शहर की स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्लांट की व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित