हरिद्वार , मई 28 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में ईद पर्व के अवसर पर गुरुवार को भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में ईद की नमाज़ अदा की गई। पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किये गये हैं।

आज सुबह से ही पुलिस बल ईदगाहों एवं मस्जिदों पर तैनात रहा। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई, जबकि पुलिस अधिकारियों ने लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। नमाज़ के दौरान यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पुलिस प्रशासन की सतर्कता और आमजन के सहयोग से जिलेभर में ईद की नमाज़ शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

हरिद्वार पुलिस ने पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग देने वाले सभी समुदायों, धर्मगुरुओं और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित