हरिद्वार , मार्च 21 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद भर में ईद-उल-फितर का पर्व हर्षोल्लास, भाईचारे और शांति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर ईदगाहों और मस्जिदों में अदा की गई नमाज को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से लेकर थाना स्तर तक के समस्त कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात रहे और हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए रखी।

प्रमुख ईदगाहों और नमाज स्थलों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई, वहीं सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी रखी गई। पुलिस टीम द्वारा लगातार पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा गया, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका न रहे।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी पुलिस ने विशेष प्लान तैयार किया था। ईदगाहों के आसपास वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करते हुए डायवर्जन लागू किए गए, ताकि नमाजियों और आमजन को आने-जाने में कोई असुविधा न हो। ट्रैफिक पुलिस के जवान प्रमुख चौराहों और मार्गों पर तैनात रहे और लगातार यातायात को व्यवस्थित करते रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित