कौशाम्बी , मार्च 17 -- कौशाम्बी के शीतला देवी धाम कड़ा में अनादि काल से आयोजित होने वाला बासंतिक नवरात्र मेला आगामी 19 मार्च से शुरू होगा। मेले के दौरान पांच लाख से अधिक देवी उपासकों के कड़ा धाम पहुंचने की संभावना जताई गई है। स्थानीय प्रशासन ने मेले को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कड़ा धाम कोतवाली में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत खाका तैयार करते हुए थाना प्रभारी त्रिलोकी नाथ पांडे ने बताया कि मेले के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और सुरक्षा को तकनीकी रूप से मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है।
पूरे मेला क्षेत्र और मंदिर परिसर को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है तथा एक समर्पित कंट्रोल रूम से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। मुख्य मंदिर, वीआईपी प्रवेश द्वार और गंगा घाट पर भारी संख्या में पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से दर्शन कराने के लिए बैरिकेडिंग को और मजबूत किया गया है, ताकि धक्का-मुक्की जैसी स्थिति न बने।
चैत्र नवरात्र के दौरान श्रद्धालु दर्शन से पहले गंगा स्नान करते हैं, इसे देखते हुए गोताखोरों और जल पुलिस को भी अलर्ट पर रखा गया है। इसके साथ ही मेले के दौरान कड़ा धाम की ओर आने वाले भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन योजना तैयार की गई है। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए मंदिर से सुरक्षित दूरी पर पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं, ताकि पैदल यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नगर पंचायत प्रशासन को मेले के दौरान नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं और श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि किसी भी लावारिस वस्तु की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी को दें।
कड़ा धाम स्थित मां शीतला देवी का यह दरबार सदियों से देवी भक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। मान्यता है कि जहां वर्तमान में मां शीतला देवी का मंदिर स्थित है, वहीं पर देवी सती के हाथ का पंजा गिरा था, जिसके कारण यह स्थान शक्तिपीठ के रूप में स्थापित हुआ। चैत्र नवरात्र के दौरान यहां उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित