लॉस एंजेलिस , जनवरी 24 -- अमेरिका में करीब 15,000 प्रदर्शनकारी माइनस 24 डिग्री सेल्सियस की भीषण ठंड के बावजूद शुक्रवार को मिनेसोटा के मिनियापोलिस शहर की सड़कों पर उतर आए और इमिग्रेशन एवं कस्टम्स एनफोर्समेंट (आइस) अधिकारियों को राज्य से निकालने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने हवाई अड्डे की सड़कों को जाम किया और सैकड़ों व्यवसायों को बंद करा दिया। आयोजकों के अनुसार यह मिनेसोटा के इतिहास के सबसे बड़े प्रदर्शनों में से एक रहा। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग अमेरिका की इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (आइस) एजेंसी को राज्य से हटाने की थी। मिनियापोलिस सिटी हॉल से मार्च में शामिल हुईं 30 वर्षीय अमल अहमद ने एनबीसी न्यूज से कहा, "आज मिनेसोटा का साल का सबसे ठंडा दिन है। यह अपने आप में बहुत कुछ कहता है। मैंने ऐसा दृश्य पहले कभी नहीं देखा।"'आईसीई आउट ऑफ मिनेसोटा: ए डे ऑफ ट्रुथ एंड फ्रीडम' नामक इस राज्यव्यापी आंदोलन में श्रमिक संगठनों, धार्मिक नेताओं, शिक्षकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लिया। आयोजकों के अनुसार एकजुटता के प्रतीक के रूप में 700 से अधिक व्यवसायों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने चेतावनी दी थी कि हाड़ कंपा देने वाली ठंड में खुली त्वचा आधे घंटे में जम सकती है। इसके बावजूद आइस के खिलाफ शहर के मध्य हिस्से में प्रस्तावित मार्च तय कार्यक्रम के अनुसार निकाला गया।

उल्लेखनीय है कि ये प्रदर्शन सात जनवरी को हुई एक घातक गोलीबारी के बाद भड़के, जिसने पूरे शहर को झकझोर दिया था। उस दिन आइस एजेंट जोनाथन रॉस ने एक अभियान के दौरान 37 वर्षीय स्थानीय निवासी और अमेरिकी नागरिक रेनी गुड की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हेनेपिन काउंटी मेडिकल एग्जामिनर ने गुड की मौत को कई गोलियों से हुई हत्या करार दिया है।

अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (डीएचएस) ने दिसंबर से 'ऑपरेशन मेट्रो सर्ज' के तहत हजारों संघीय अधिकारियों को मिनियापोलिस में तैनात किया है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस अभियान में 3,000 से अधिक संघीय कर्मियों की तैनाती की गयी और करीब छह सप्ताह में 3,000 से ज्यादा गिरफ्तारियां हुईं। शुक्रवार का सामूहिक प्रदर्शन मिनियापोलिस-सेंट पॉल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से शुरू हुआ, जहां तड़के कड़ाके की ठंड में धार्मिक नेताओं ने सैकड़ों हड़ताली हवाई अड्डा कर्मचारियों के साथ प्रार्थना की और टर्मिनल-1 के पास सड़कों को अवरुद्ध किया।

स्थानीय समयानुसार दोपहर दो बजे प्रदर्शन शहर के मध्य हिस्से की ओर बढ़ा। हजारों लोग टारगेट सेंटर एरीना की ओर मार्च करते हुए नारे लगाते नजर आए। आयोजकों ने हाथ गर्म रखने वाले पैड वितरित किए। 'आइस आउट नाउ' लिखी तख्तियां ठंडी हवा में लहराती रहीं। श्रमिक संगठनों ने प्रदर्शन के आयोजन में अहम भूमिका निभाई। यूनियन नेताओं ने कहा कि अभियान के तहत अब तक 20 से अधिक यूनियन सदस्यों को हिरासत में लिया जा चुका है, जिससे श्रमिकों और समुदायों पर व्यापक असर पड़ रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित