धार , अगस्त 24 -- मध्यप्रदेश के धार जिले की कुक्षी तहसील के निसरपुर क्षेत्र में कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई। दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक कांवड़िए घायल हुए हैं। इनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रावण के चौथे सोमवार को कांवड़िए निसरपुर से पुराने चिखल्दा कोटेश्वर नर्मदा जल लेने जा रहे थे। कड़माल के पास नए पुल पर पहुंचते ही ट्रैक्टर का स्टेयरिंग फेल हो गया। चालक का नियंत्रण हटते ही कांवड़ियों से भरी ट्रॉली अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही निसरपुर चौकी और कुक्षी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को ट्रॉली से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से निसरपुर तथा नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को इंदौर रेफर किया गया।
दुर्घटना में राजेंद्र पिता नारायण पाटीदार की उपचार के दौरान मौत हो गई। घायलों में अश्विन शर्मा, राम पाटीदार, विपिन पाटीदार, वेद पाटीदार, हर्षवर्धन पाटीदार, रुद्र पाटीदार, सदाशिव पाटीदार, सार्थक पाटीदार, लोकेश पाटीदार, कमल पाटीदार, कन्हैयालाल पाटीदार, तुलसीबाई, राघव पाटीदार, हरिओम पाटीदार, महेंद्र पाटीदार, ऐश्वर्या पाटीदार, अखिलेश पाटीदार, आदित्य पाटीदार और संजय पाटीदार सहित अन्य शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शी मनोहर पाटीदार ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 30 से 35 महिला-पुरुष सवार थे और वे पिछले चार वर्षों से लगातार कांवड़ यात्रा पर जा रहे हैं। कड़माल में नए पुल पर पहुंचते ही अचानक स्टेयरिंग फेल होने से ट्रैक्टर पुल से नीचे उतर गया। हादसे में कई लोगों के सिर, हाथ और कमर में चोट आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित