जम्मू , अगस्त 04 -- जम्मू-कश्मीर के कठुआ ज़िले में नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल होने के आरोप में एक पुलिसकर्मी को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने यहां आधिकारिक बयान में कहा कि नशीले पदार्थों के खिलाफ 'ज़ीरो-टॉलरेंस' नीति को मज़बूत करने के लिए की गयी सख़्त कार्रवाई के तहत, कठुआ की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहिता शर्मा ने सिलेक्शन ग्रेड कॉन्स्टेबल आफताब अहमद को एनडीपीएस मामले में शामिल होने के कारण नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। आफताब अहमद पौनी तहसील और ज़िला रियासी का निवासी है।
उन्होंने बताया कि यह बर्खास्तगी बिल्लावर पुलिस स्टेशन में दर्ज एक मामले से जुड़ी विभागीय जांच के बाद की गयी। सिलेक्शन ग्रेड कॉन्स्टेबल को पुलिस टीम ने नाका चेकिंग के दौरान पकड़ा था और उसके पास से प्रतिबंधित हेरोइन बरामद की थी। गंभीर कदाचार एवं अनुशासनहीनता के इस कृत्य के लिए, उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। एक विभागीय जांच शुरू की गयी और नियमों के अनुसार उसे पूरा करने की जिम्मेदारी सौंपी गयी। जांच पूरी करने के बाद, जांच अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट सौंपी, जिसमें कहा गया कि विभागीय जांच में लगाये गये आरोप साबित हुए हैं। इसमें यह सिफारिश की गई कि दोषी अधिकारी को सेवा से बर्खास्तगी की कड़ी सजा दी जाये।
जम्मू-कश्मीर पुलिस निममावली के नियम 335 के तहत कार्रवाई करते हुए, कठुआ की एसएसपी मोहिता शर्मा ने उसे तुरंत बर्खास्त करने का आदेश दिया। इसका उद्देश्य सख्त संस्थागत अनुशासन लागू करना और मादक पदार्थों से जुड़े अपराधों में शामिल होने के खिलाफ सभी रैंक के कर्मचारियों के लिए एक मिसाल कायम करना था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित