रामनगर , फरवरी 25 -- उत्तराखंड में रामनगर के कठियापुल खनन गेट क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार डंपर और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया है।

आज हुई इस कार्रवाई से अवैध खनन में लगे लोगों में हड़कंप मच गया।

जानकारी देते हुए सीओ रामनगर सुमित पांडे ने बताया कि एसएचओ रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने नदी क्षेत्र में अवैध रूप से हो रहे खनन पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

सीओ ने बताया कि कार्रवाई के दौरान चार डंपर और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया, जिन्हें तत्काल पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया, सभी वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत चालानी कार्रवाई की गई है,साथ ही अवैध खनन से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट खनन विभाग को प्रेषित की जा रही है, ताकि विभागीय स्तर पर भी आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

पुलिस ने मौके से दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। हालांकि प्रारंभिक पूछताछ के बाद दोनों को छोड़ दिया गया।

गौरतलब है कि कठियापुल खनन गेट से पिछले पांच दिनों से निकासी बंद थी।

खनन विभाग के अनुसार यह बंदी डीएफओ प्रकाश आर्या के आदेश के बाद लागू की गई थी। खनन डीएलएम ललित आर्या ने बताया कि आधिकारिक रूप से क्षेत्र में खनन कार्य बंद था, बावजूद इसके अवैध रूप से गतिविधियां जारी थीं।

ऐसे में पुलिस की यह कार्रवाई अवैध खनन पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी सख्ती से अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित