कोलकाता , अप्रैल 18 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने शनिवार को पड़ोसी देश बंगलादेश से लोगों की निरंतर घुसपैठ के लिए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की 'वोट बैंक की राजनीति' को जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने कहा, "आज पश्चिम बंगाल के सामने सबसे बड़ी चुनौती कट्टरपंथ है। राज्य इस मुद्दे का सामना करने के लिए तैयार नहीं है और अब ऐसा कोई बौद्धिक समाज नहीं बचा है, जो इसके खिलाफ कोई वैकल्पिक विमर्श पेश कर सके।" उन्होंने पड़ोसी देश बंगलादेश से घुसपैठियों के लगातार आने का जिक्र किया और इसे एक खतरनाक रुझान करार दिया।
श्री भट्टाचार्य ने कहा, "तृणमूल कांग्रेस अपनी वोट बैंक की राजनीति के कारण घुसपैठियों को सक्रिय रूप से बढ़ावा देती है। मौजूदा राज्य सरकार ने बंगलादेश सीमा पर बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए जमीन आवंटित करने से बार-बार इनकार किया है, जिससे घुसपैठ कम करने में मदद मिलती। इसकी वजह से मालदा और मुर्शिदाबाद जैसे जिलों में गंभीर समस्याएं पैदा हो गयी हैं, जहां ये घुसपैठिये हर दिन हिंदुओं को प्रताड़ित कर रहे हैं।"श्री भट्टाचार्य ने तृणमूल सरकार पर रोहिंग्या शरणार्थियों के मुद्दे को गलत तरीके से संभालने का भी आरोप लगाया और उन दावों का हवाला दिया कि उन्हें राज्य में मतदान के अधिकार दिये गये हैं। भाजपा नेता ने केंद्रीय परियोजनाओं को समर्थन देने में राज्य सरकार के सहयोग की कमी पर भी निराशा व्यक्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित