श्रीनगर , अगस्त 08 -- जम्मू-कश्मीर पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (सीआईके) ने शनिवार को मध्य कश्मीर के बड़गाम जिले में कथित कट्टरपंथी सोशल मीडिया गतिविधियों के सिलसिले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।

पुलिस ने बताया कि बड़गाम के मगाम स्थित अर्चंदरहामा का रहने वाला सिराज नबी पर्रे एक ऐसा सोशल मीडिया अकाउंट चला रहा था, जिस पर संभावित उग्रवादी प्रकृति की कट्टरपंथी सामग्री प्रसारित की जा रही थी।

पुलिस के मुताबिक, अकाउंट जांच के दौरान कट्टरपंथी और देशविरोधी मंशा वाली कई पोस्ट, तस्वीरें और अन्य डिजिटल सामग्री मिली।

पुलिस ने कहा, "सामग्री में कट्टरपंथी आख्यानों, आतंकवाद से जुड़े व्यक्तियों के महिमामंडन एवं प्रचार-प्रसार, उग्रवादी विचारों को बढ़ावा देने और आसानी से प्रभावित होने वाले युवाओं को भड़काने या कट्टरपंथी बनाने में सक्षम बातें शामिल थीं।"इसके बाद संदिग्ध को कार्यपालक मजिस्ट्रेट (प्रथम श्रेणी) के समक्ष पेश किया गया और उसके खिलाफ कार्यवाही शुरू की गई।

इसके बाद मजिस्ट्रेट के आदेश पर संदिग्ध को 17 अगस्त तक के लिए श्रीनगर केंद्रीय कारागार भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि डिजिटल डिवाइस और सोशल मीडिया खातों को खंगाला जा रहा है, ताकि कट्टरपंथी सामग्री के स्रोत, इससे जुड़े लोगों और किसी भी संभावित नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित