कटिहार , अक्टूबर 31 -- दीपावली एवं छठ महापर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और आम लोगों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण मिठाई उपलब्ध कराने के लिए कटिहार में शनिवार को विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया और खराब गुणवत्ता के कारण करीब 45 किलो मिठाई नष्ट की गई।
जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान छह प्रतिष्ठानों से मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने जब्त किए गए, जबकि संदिग्ध रंग और मिलावटी खोया से बनी करीब 45 किलोग्राम मिठाई नष्ट कराई गई।
अनुमंडल पदाधिकारी, कटिहार सदर सूरज कुमार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के शहीद चौक, एमजी रोड, बाटा चौक, हाट रोड और मिरचाईबाड़ी स्थित प्रमुख मिठाई दुकानों, कारखानों एवं गोदामों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई दुकानों में खुले में रखी बासी मिठाइयां तथा निर्माण और समाप्ति तिथि के बगैर पैकेट में बंद खाद्य पदार्थ पाए गए।
छापेमारी के दौरान छह प्रतिष्ठानों से खोया, पनीर, बर्फी, गुलाब जामुन और रंगीन मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए। वहीं, खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के मामले में दो प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) का लाइसेंस और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया।
अनुमंडल पदाधिकारी सूरज कुमार ने कहा कि त्योहारी मौसम में खाद्य पदार्थों में मिलावट किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मिठाई विक्रेताओं को निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने, बिल के साथ बिक्री करने और खाद्य पदार्थों को ढककर रखने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित