कटिहार , अप्रैल 11 -- बिहार में कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में शनिवार को बस और पिकअप वैन के बीच हुयी टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गयी, तथा 26 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बताया कि गेड़ाबाड़ी के समीप बस और पिकअप वैन के बीच टक्कर हो गयी। इस घटना में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गयी। घायलों का इलाज पूर्णिया में चल रहा है।शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

इस बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो -दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने हादसे में घायल हुये लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है और उनकी समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित