कटिहार, मार्च 19 -- राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के अंतर्गत गंगा एवं सहायक नदियों की स्वच्छता, संरक्षण तथा जल संसाधनों के सतत प्रबंधन के उद्देश्य से जिला गंगा समिति के तत्वावधान में गुरुवार को गंगा स्वच्छता पखवाड़ा एवं जल महोत्सव 2026 का शुभारंभ किया गया।

जल अर्पण तथा गंगा स्वच्छता एवं जल संरक्षण से संबंधित पोस्टर का विमोचन कर उप विकास आयुक्त अमित कुमार,अपर समाहर्ता(आपदा प्रबंधन )कुमार धनंजय, निदेशक डी.आर.डी.ए सह नोडल पदाधिकारी, जिला गंगा समिति सुदामा प्रसाद सिंह, जिला परियोजना पदाधिकारी ब्रजमोहन प्रसाद यादव ने संयुक्त रूप से इस कार्यक्रम का उदघाटन किया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने कहा कि गंगा और अन्य जलस्रोतों की स्वच्छता के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गंगा भारत की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है और इसकी निर्मलता एवं अविरलता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वर्तमान समय में जल संरक्षण वैश्विक चुनौती बन चुका है। बढ़ती जनसंख्या, शहरीकरण तथा जल संसाधनों के अत्यधिक दोहन से कई क्षेत्रों में जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है। ऐसे में जल का विवेकपूर्ण उपयोग, वर्षा जल संचयन तथा स्थानीय जलस्रोतों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

उप विकास आयुक्त ने जिला गंगा समिति की टीम, एनसीसी एवं एनएसएस के कैडेट्स तथा आई टी आई विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि युवा वर्ग समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की सबसे बड़ी शक्ति है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित