सहरसा , अगस्त 26 -- लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायक संजय कुमार सिंह ने सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ के गंभीर प्रकोप एवं लगातार हो रहे कटाव की स्थिति को देखते हुए क्षेत्र के घोंघेपुर पंचायत अंतर्गत बेलदावर ग्राम, सनक्का सहित विभिन्न बाढ़ प्रभावित गांवों का भ्रमण किया और इस दौरान ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया।
इस भ्रमण के दौरान कई स्थानों पर कटाव की स्थिति बेहद गंभीर एवं चिंताजनक देखने को मिली। नदी के तेज बहाव के कारण लगातार जमीन कट रही है, जिससे ग्रामीणों के सामने अपने घर और आशियाने को बचाने का बड़ा संकट उत्पन्न हो गया है। कई परिवारों के घर कटाव की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। विधायक ने प्रभावित परिवारों से मिलकर उनकी पीड़ा सुनी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान जिन परिवारों के घर कटाव की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त अथवा पूरी तरह कट गए हैं, उनके बीच आवश्यक राहत सामग्री का वितरण भी किया गया।
विधायक ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ कटाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों से आवश्यक पहल की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित