कोरबा , अगस्त 03 -- छत्तीसगढ़ में कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में सोमवार को सेनानी पेट्रोल पंप के समीप एक यात्री बस और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर में कई लोग घायल हो गए है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बिलासपुर से कोरबा आ रही यादव बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। हादसे में छह से अधिक यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं बोलेरो में चार लोग सवार थे, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों वाहनों में सवार अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के तुरंत बाद घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर राहगीरों की सहायता से कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां सभी घायलों का उपचार जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ट्रकों के कारण बस और बोलेरो को पर्याप्त साइड नहीं मिल सकी, जिससे यह दुर्घटना हुई। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

दुर्घटना के बाद मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और स्थानीय प्रशासन क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराने में जुटा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित