संभल , जुलाई 28 -- उत्तर प्रदेश के संभल जिले में मंगलवार को एक कच्चे मकान की छत गिरने से मलबे में दबकर मासूम बच्ची और एक महिला की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, थाना कैला देवी क्षेत्र के चंदन कटी मौजा गांव में रामचंद्र के कच्चे मकान की छत बरसात के कारण टपक रही थी। इसे रोकने के लिए मंगलवार सुबह परिवार के कुछ सदस्य छत पर पॉलीथिन और मिट्टी डाल रहे थे, जबकि अन्य सदस्य मकान के अंदर मौजूद थे। इसी दौरान अचानक कच्ची छत भरभराकर गिर गई, जिससे नीचे बैठे परिवार के सदस्य मलबे में दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कर सभी को मलबे से बाहर निकाला।

हादसे में मलबे के नीचे दबने से चार वर्षीय दिव्यांशी और नंदकी नामक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पांच अन्य घायल लोगों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित