मुंबई , सितंबर 16 -- अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल में रही नरमी से घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को प्रमुख सूचकांक बढ़त में बंद हुए।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स करीब 245 अंक चढ़कर 74,249 अंक पर खुला और लगभग पूरे दिन हरे निशान में रहा। अंत में यह 332.63 अंक (0.45 प्रतिशत) चढ़कर 74,336.45 अंक पर पहुंच गया।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 99 अंक यानी 0.43 प्रतिशत ऊपर 23,217.60 अंक पर बंद हुआ। दोनों प्रमुख सूचकांक पिछले कारोबारी दिवस पर एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट में थे।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में आज कच्चे तेल के दाम टूट गए। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा करीब डेढ़ प्रतिशत फिसलकर 107 डॉलर प्रति बैरल के करीब रह गया। इससे लगभग सभी प्रमुख एशियाई शेयर बाजारों में तेजी देखी गई। यूरोपीय बाजार भी शुरुआती कारोबार में हरे निशान में रहे।

घरेलू बाजारों में एफएमसीजी, बैंकिंग, वित्त, ऑटो, धातु, मीडिया, रियल्टी और तेल एवं गैस समूहों के सूचकांक ऊपर रहे। आईटी, स्वास्थ्य और फार्मा सेक्टरों में गिरावट रही।

वृहत बाजार में मिलाजुला रुख रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.02 प्रतिशत ऊपर रहा जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.18 प्रतिशत टूट गया।

एनएसई में जिन 3,662 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 1,851 के शेयर लाल निशान में और 1,688 के हरे निशान में रहे। अन्य 123 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 18 के शेयरों में तेजी रही। आईटीसी का शेयर 2.46 फीसदी मजबूत हुआ। भारतीय स्टेट बैंक का शेयर 2.24 प्रतिशत, एक्सिस बैंक का 1.93, ट्रेंट का 1.51, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 1.45, बीईएल का 1.42, टाइटन का 1.34, कोटक महिंद्रा बैंक का 1.29, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 1.21 और सन फार्मा का 1.01 प्रतिशत की बढ़त में रहा।

अडानी पोर्ट्स, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इटरनल और भारती एयरटेल के शेयर भी हरे निशान में बंद हुए।

सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनी टीसीएस का शेयर 2.60 प्रतिशत लुढ़क गया। अन्य आईटी कंपनियों में इंफोसिस का शेयर 1.43 प्रतिशत, टेक महिंद्रा का 1.26, बजाज फिनसर्व का 0.99 और एनटीपीसी का 0.91 प्रतिशत टूट गया। एलएंडटी, इंडिगो, मारुति सुजुकी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टाटा स्टील के शेयर भी नुकसान में रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित