मुंबई , सितंबर 07 -- कच्चे तेल में तेजी से घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को गिरावट देखी गयी और प्रमुख सूचकांक डेढ़ महीने के निचले स्तर पर बंद हुए।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स गिरावट में खुला और पूरे दिन लाल निशान में रहा। एक समय यह 545 अंक टूटकर 75,971 अंक तक उतर गया था। अंत में पिछले कारोबारी दिवस के मुकाबले 382.62 अंक (0.50 प्रतिशत) नीचे 76,132.81 अंक पर रहा।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 118.55 अंक यानी 0.50 प्रतिशत गिरकर 23,779.15 अंक पर बंद हुआ। यह दोनों प्रमुख सूचकांकों का 24 जुलाई के बाद का निचला स्तर है।
अमेरिका और ईरान में तनाव बढ़ने के अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में तेजी रही। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा फिलहाल एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ 97.5 डॉलर प्रति बैरल के पास पहुंच गया। इससे घरेलू शेयर बाजारों पर दबाव रहा।
वृहत बाजार में भी अधिकतर सूचकांक लाल निशान में रहे। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.42 प्रतिशत टूट गया जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक में 0.02 प्रतिशत की तेजी रही।
सेक्टर आधारित सूचकांकों में निफ्टी फार्मा और निफ्टी हेल्थकेयर को छोड़कर अन्य सभी समूहों में बिकवाली हावी रही। आईटी सूचकांक 2.28 प्रतिशत और निफ्टी मीडिया 2.86 प्रतिशत टूट गया। रियल्टी और धातु सूचकांकों के शेयर एक से दो प्रतिशत के बीच गिरे। बैंकिंग, वित्त, तेल एवं गैस और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों में भी बिकवाली रही।
एनएसई में जिन 3,698 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,083 के शेयरों में गिरावट और 1,507 में तेजी रही। अन्य 108 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अंततः अपरिवर्तित रहे।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 23 के शेयर लाल निशान में रहे। इंफोसिस का शेयर 3.81 प्रतिशत टूट गया। टेक महिंद्रा में 1.96 फीसदी, टाटा स्टील में 1.85, बजाज फिनसर्व में 1.57, अल्ट्राटेक सीमेंट में 1.41, टीसीएस में 1.28, ट्रेंट में 1.16, एशियन पेंट्स में 1.13, भारतीय स्टेट बैंक में 1.09, अडानी पोर्ट्स में 1.05, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 0.95 और एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 0.93 प्रतिशत की गिरावट रही।
इटरनल, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक, टाइटन, हिंदुस्तान यूनीलिवर और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी नीचे बंद हुए। जबकि एलएंडटी, भारती एयरटेल, मारुति सुजुकी, पावरग्रिड और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में तेजी रही।
वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 2.12 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.07 प्रतिशत की बढ़त में रहा। वहीं, चीन का शंघाई कंपोजिट 0.93 प्रतिशत गिर गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में ब्रिटेन का एफटीएसई 0.13 प्रतिशत ऊपर था जबकि जर्मनी का डैक्स 0.43 फीसदी नीचे बना हुआ था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित