ग्वालियर , सितंबर 03 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा के जंगीपुरा में बुधवार रात बारिश के दौरान एक कच्चे मकान का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में कमरे में मौजूद परिवार के पांच लोग मलबे में दब गए। घटना में 33 वर्षीय सीमा और उनके दो वर्षीय बेटे आदित्य उर्फ गुड्डू की मौत हो गई, जबकि सीमा के पति जागेंद्र और दो बेटियां वैशाली व रागिनी घायल हो गईं। घायलों को उपचार के लिए ग्वालियर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार हादसा रात के समय हुआ। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले और परिवार के सदस्यों को मलबे में दबा पाया। लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर डबरा सिटी पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि मृतका का पति और दोनों बेटियां घायल हुई हैं। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित