बैतूल , अगस्त 28 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई में कभी कचरा डंप किए जाने वाले स्थल को अब हरे-भरे पार्क के रूप में विकसित किया गया है। मुलताई-अमरावती रोड स्थित इस स्थल को नगर पालिका ने करीब 40 लाख रुपये की लागत से विकसित किया है। गुरुवार को आयुक्त संकेत एस. भोंडवे ने पार्क का निरीक्षण कर नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त भोंडवे ने कहा कि जिस स्थान पर पहले कचरा डाला जाता था, वहां अब फूल-पौधों और हरियाली के बीच नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद नगर पालिका ने अनुपयोगी और गंदगी वाले स्थल को उपयोगी बनाने की दिशा में सराहनीय प्रयास किया है।
उन्होंने अधिकारियों को शहर में ऐसे अन्य स्थानों को चिन्हित करने के निर्देश दिए, जहां पहले कचरा या गंदगी जमा होती थी। उन्होंने इन स्थानों की स्थिति में सुधार कर जनहित में बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने तथा शहर के सौंदर्यीकरण, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
आयुक्त ने कहा कि शहरों में पार्क और हरित क्षेत्र सार्वजनिक स्थानों की सुंदरता बढ़ाने के साथ नागरिकों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इस तरह के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
नगर पालिका अध्यक्ष नीतू परमार ने पार्क के निर्माण और विकास में योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीरेंद्र तिवारी और नगर पालिका इंजीनियर महेश शर्मा के प्रयासों का विशेष रूप से उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत तथा बेहतर योजना से जिस स्थान पर कभी कचरा जमा होता था, उसे आज पार्क के रूप में विकसित किया जा सका है। ऐसे कार्य शहर की तस्वीर बदलने के साथ नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित