श्रीगंगानगर , जुलाई 13 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत नरसिंहपुरा मांझूवास बारानी में श्रीगंगानगर शहर के कचरे के निस्तारण के लिए प्रस्तावित ठोस कचरा निस्तारण संयंत्र के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों ने सोमवार को रैली निकालकर रोष जताया।
इस दौरान क्षेत्र के सभी पांच सरकारी स्कूलों और अन्य गैर-सरकारी स्कूल भी पूरी तरह बंद रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि गौशाला के बिल्कुल नजदीक प्रस्तावित इस कचरा संयंत्र से पर्यावरण और पशुधन को गंभीर खतरा है। कचरा संयंत्र हटाओ संघर्ष समिति के आह्वान पर आयोजित इस रैली में सैकड़ों ग्रामीण, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए। रैली संयंत्र स्थल के पास समाप्त हुई, जहां प्रशासनिक अधिकारियों और भारी पुलिस बल की तैनाती की गयी थी। आज संघर्ष समिति की ओर से प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कोई औपचारिक वार्ता नहीं हुई। समिति का स्पष्ट संदेश है कि उनकी एकमात्र मांग है कि नरसिंहपुरा में गौशाला के निकट लगाये जा रहे कचरा संयंत्र का फैसला जिला प्रशासन तुरंत वापस ले। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि किसी भी हालत में इस संयंत्र को गांव में नहीं लगने दिया जाएगा। रैली के दौरान करीब 500 ट्रैक्टरों और बड़ी संख्या में अन्य वाहनों का काफिला भी शामिल रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित