पंचकूला , जुलाई: 26 -- हरियाणा पुलिस ने सिरसा जिले में कक्षा 8 की छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट के तहत न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी की पहचान अजय कुमार के रूप में हुई है, जिसे डिंग पुलिस ने महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गिरफ्तार किया। आरोपी को गुप्त सूचना और जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार पीड़िता अपने परिजनों के साथ डिंग थाना पहुंची और शिकायत दर्ज करवाई। उसका बयान महिला पुलिस अधिकारी और विधिक सहायता अधिवक्ता की मौजूदगी में दर्ज किया गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि 6 अप्रैल 2026 की दोपहर आरोपी उसके घर में घुस आया और यौन उद्देश्य से उसका हाथ पकड़ लिया। लड़की ने शोर मचाया तो आरोपी दीवार फांदकर भाग गया। बाद में पीड़िता ने परिजनों को घटना की जानकारी दी और तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित