जालौन , अगस्त 13 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में गुरुवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने दयानंद वैदिक कॉलेज का भ्रमण किया। दोनों अधिकारी मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत यूपीएससी और नीट जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं की कक्षा में अचानक पहुंच गए।
दोनों अधिकारियों ने विद्यार्थियों के पीछे कुर्सियों पर बैठकर काफी देर तक अध्यापन कार्य का अवलोकन किया। अधिकारियों की मौजूदगी की जानकारी होने पर विद्यार्थियों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया। डीएम ने विद्यार्थियों से सहज संवाद कर उनकी तैयारी, अध्ययन पद्धति और परीक्षा रणनीति की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि तैयारी की शुरुआत पाठ्यक्रम, पात्रता मानदंड और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों के विश्लेषण से करनी चाहिए। एनसीईआरटी जैसी मूल एवं विश्वसनीय पुस्तकों के अध्ययन के बाद मानक पुस्तकों का सहारा लें। नियमित अभ्यास, संक्षिप्त नोट्स और मुख्य परीक्षा के लिए उत्तर लेखन पर विशेष ध्यान दें।
डीएम ने कहा कि सफलता संसाधनों से अधिक मेहनत, अनुशासन, धैर्य और सही दिशा पर निर्भर करती है। एसपी विनय कुमार सिंह ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए निरंतरता और आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित