जयपुर , अक्टूबर 05 -- राजस्थान के उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन, कला एवं संस्कृति मंत्री दिया कुमारी ने मीडिया से कहा है कि बजट की सभी घोषणाओं पर तेजी से काम हो रहा है और कई प्रोजेक्ट तैयार हैं जिनका जल्द उद्घाटन किया जायेगा।

श्रीमती दिया कुमारी सोमवार को पर्यटन भवन में विभाग की विभिन्न परियोजनाओं और योजनाओं की समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि तीन दिन की छुट्टियों में पर्यटन स्थलों पर उमड़ी भीड़ से अच्छे सीजन के संकेत मिले हैं और विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ी है।

वैश्विक भू-राजनैतिक स्थिति और बढ़े हुए हवाई भाड़े के बावजूद पर्यटक आ रहे हैं, सरकार ने सेफ्टी, सफाई और सुविधाओं में सुधार किया है, उम्मीद है इस बार पिछले साल से ज्यादा पर्यटक आएंगे।

बैठक में अधिकारियों ने प्रेजेंटेशन के जरिए विभागीय योजनाओं, महाराणा प्रताप सर्किट, आमेर मास्टर प्लान सहित विभिन्न प्रमुख परियोजनाओं, आगामी कार्य योजनाओं एवं बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन की वित्तीय प्रगति और स्टेटस से अवगत कराया।

बैठक में पर्यटन स्थलों के समग्र विकास, विरासत संरक्षण, पर्यटन अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण, डिजिटल पर्यटन पहलों, पर्यटन प्रचार-प्रसार एवं मीडिया अभियानों, आरटीडीसी परिसंपत्तियों के पुनरोद्धार तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित