कोलकाता , मई 04 -- तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा है कि कल्याणी में लगभग 100 केंद्रों पर मतगणना रोक दी गई है और कम से कम सात ईवीएम के परिणामों को गिनती में शामिल नहीं किया गया है।

उन्होंने सोमवार को सोशल मीडिया पर कहा 'हम सूर्यास्त के बाद जीतेंगे'। सुश्री बनर्जी की यह पोस्ट दोपहर करीब 12 बज कर 35 मिनट पर आई, जिसमें उन्होंने दावा किया कि कई केंद्रों पर मतगणना रोक दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई राजनीतिक विरोधी परिणामों में हेरफेर करने की कोशिश कर रहे हैं।

तृणमूल सुप्रीमो ने आरोप लगाया कि कल्याणी में लगभग 100 केंद्रों पर मतगणना रोक दी गई और कम से कम सात ईवीएम के परिणामों को गिनती में शामिल नहीं किया गया है।

सुश्री बनर्जी ने कहा कि यह तृणमूल कांग्रेस को पिछड़ता हुआ दिखाने और हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल कमजोर करने की भाजपा की एक स्पष्ट योजना है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के काउंटिंग एजेंटों और उम्मीदवारों से आग्रह किया कि वे किसी भी स्थिति में मतगणना केंद्र न छोड़ें।

तृणमूल नेता ने यह भी कहा कि केंद्रीय बल उनकी पार्टी के कार्यालयों को तोड़ रहे हैं और राज्य पुलिस केंद्रीय बलों के अधीन काम कर रही है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस कम से कम 70 से 100 सीटों पर आगे चल रही है, लेकिन हमारा मनोबल गिराने के लिए इन आंकड़ों को जानबूझकर रोका जा रहा है। मैं अपने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह करती हूँ कि वे इसमें न फंसें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित